सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर प्रोजेक्ट प्लस टू विद्यालय धरमपुर में स्कूल अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित
थीम: “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन – सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा”

By Ajay Kumar
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। सड़क सुरक्षा जागरूकता माह–2026 के अंतर्गत सोमवार, 09 फरवरी 2026 को प्रोजेक्ट प्लस टू विद्यालय, धर्मपुर, लिट्टीपाड़ा में स्कूल अवेयरनेस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन – सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” रखी गई।
यह आयोजन उपायुक्त पाकुड़ एवं पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के आदेशानुसार तथा सड़क सुरक्षा माह 2026 के उद्देश्यों को पूरे वर्ष जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से प्रति माह आयोजित किए जाने वाले जागरूकता कार्यक्रम के तहत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समाज को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग और जिम्मेदार बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा की पाठशाला के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, उनसे बचाव के उपायों तथा यातायात नियमों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। देश एवं राज्य स्तर पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर चर्चा करते हुए बताया गया कि थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर अनमोल जीवन को बचाया जा सकता है।
मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, ओवरलोडिंग से बचाव, तेज गति से वाहन न चलाने, यातायात नियमों के पालन, पैदल चलने के सुरक्षित तरीकों तथा नेक नागरिक व जिम्मेदार राहगीर बनकर दूसरों की सहायता करने की अपील की। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा के अलावा डायन-भूत कुप्रथा, बाल विवाह, नशा मुक्ति, आपातकालीन सेवा 112 तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र कुमार, थाना प्रभारी सिमलांग (ओपी) अरविंद कुमार राय, सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य जवाहर प्रसाद, शिक्षक राजकुमार, वीरेन कुमार, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने सड़क सुरक्षा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा सीखी गई बातों को घर-परिवार एवं समाज तक पहुँचाने की अपील की।