पश्चिमी सिंहभूम के पोड़ाहाट जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़
सर्च ऑपरेशन जारी

पश्चिमी सिंहभूम,। पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने पोड़ाहाट जंगल में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ सोनुवा थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में स्थित केड़ाबीर गांव के आसपास हुई, जहां नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया था।
सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन के सदस्य पोड़ाहाट जंगल के अंदर सक्रिय हैं और किसी बड़ी गतिविधि की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
अभियान के दौरान जंगल में छिपे नक्सलियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से काफी देर तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण बना रहा।
सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली पीछे हटने लगे और जंगल तथा पहाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल के आसपास खून के निशान और भागने के संकेत मिलने की चर्चा है। इससे आशंका जताई जा रही है कि जवाबी कार्रवाई में नक्सली दस्ते को नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि सालुका कायम दस्ते के सदस्य इस मुठभेड़ में शामिल थे।
चाईबासा के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि इलाके में सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। पूरे क्षेत्र की सघन तलाशी ली जा रही है और जंगल में छिपे नक्सलियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल किसी जवान के घायल होने की सूचना नहीं है।
पोड़ाहाट जंगल लंबे समय से नक्सल गतिविधियों का गढ़ माना जाता रहा है। हालांकि पिछले कुछ महीनों से सुरक्षाबलों ने यहां लगातार अभियान तेज कर दिया है। लगातार दबाव के कारण नक्सली संगठन अपने ठिकाने बदलने को मजबूर हो रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय बाद सुरक्षाबलों ने जंगल के अंदरूनी क्षेत्रों में इतने बड़े स्तर पर अभियान चलाया है। ग्रामीणों का मानना है कि सुरक्षा एजेंसियां अब नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के मूड में हैं। लगातार चल रहे ऑपरेशन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।