सन्नी मिश्रा ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, मेहंदी कुमारी मामले में जांच में आएगी तेजी
आत्मसमर्पण के बाद न्यायालय ने आरोपित को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है

पूर्वी सिंहभूम। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में चर्चित मेहंदी कुमारी मामले में पुलिस के लगातार दबाव के बीच फरार चल रहा दूसरा आरोपित सन्नी मिश्रा उर्फ समीर ने गुरुवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे आरोपित के इस कदम के बाद अब जांच में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
बताया जाता है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी और सख्ती बढ़ाए जाने के कारण उस पर दबाव बढ़ता गया, जिसके चलते आखिरकार उसने कोर्ट में सरेंडर करना ही बेहतर समझा।
आत्मसमर्पण के बाद न्यायालय ने आरोपित को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल उसे जेल भेज दिया गया है, जहां पुलिस आगे की पूछताछ की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। इस मामले में पुलिस पहले ही अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।