चांडिल थाना में बैंक व ज्वेलरी कारोबारियों के साथ सुरक्षा बैठक, सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
सुरक्षा मानकों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : थाना प्रभारी डिलशन बिरुआ

चांडिल : थाना परिसर में सोमवार को थाना प्रभारी डिलशन बिरुआ की अध्यक्षता में थाना क्षेत्र के विभिन्न बैंक शाखा प्रबंधकों एवं ज्वेलरी शॉप संचालकों के साथ सुरक्षा संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आपराधिक घटनाओं की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान थाना प्रभारी डिलशन बिरुआ ने सभी बैंक प्रबंधकों और स्वर्ण व्यवसायियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बैंक और ज्वेलरी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड तथा आपातकालीन संपर्क व्यवस्था हर हाल में दुरुस्त रहनी चाहिए। डिलशन बिरुआ ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संस्थानों को सतर्क रहकर पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील भी की। बैठक में नकदी लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतने, बैंक खुलने और बंद होने के समय सुरक्षा पर ध्यान देने तथा ग्राहकों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में नियमित गश्ती और निगरानी अभियान जारी रहेगा।