ताज़ा-ख़बर

बरवाडीह में 50 फीसदी अनुदान पर बीज बिक्री केंद्र शुरू, किसानों को अब मिलेगा प्रमाणित धान व मक्का बीज का लाभ

रिपोर्ट: अकरम 3 घंटे पहलेझारखण्ड

सरकारी योजना से किसानों को बड़ी राहत, जनप्रतिनिधियों ने कहा- कम लागत में बढ़ेगा उत्पादन और आय

बरवाडीह में 50 फीसदी अनुदान पर बीज बिक्री केंद्र शुरू, किसानों को अब मिलेगा प्रमाणित धान व मक्का बीज का लाभ

बरवाडीह, लातेहार : खरीफ सीजन के बीच बरवाडीह प्रखंड के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रखंड मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के समीप डीएसपी आवास के सामने मुख्य मार्ग के बाईं ओर मंगलवार को सरकार की योजना के तहत 50 प्रतिशत अनुदान पर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए बीज बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के खुलने से अब किसानों को अनुदानित दर पर प्रमाणित धान एवं मक्का के बीज आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। उद्घाटन समारोह में जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, विधायक प्रतिनिधि प्रेम कुमार सिंह उर्फ पिंटू, कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी, कांग्रेस प्रदेश महासचिव रविंद्र राम, प्रभारी कृषि पदाधिकारी रामनाथ यादव, एटीएम सपना कुमारी, मनोज सिंह, संचालक प्रभात गुप्ता तथा खाद-बीज दुकान के संचालक देव प्रसाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में किसान एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने कहा कि सरकार की यह योजना किसानों को कम लागत में बेहतर खेती करने का अवसर प्रदान करेगी। विधायक प्रतिनिधि प्रेम कुमार सिंह उर्फ पिंटू ने कहा कि किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है और इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को सीधा फायदा मिलेगा। प्रभारी कृषि पदाधिकारी रामनाथ यादव ने बताया कि केंद्र पर 50 प्रतिशत अनुदान के साथ प्रमाणित धान एवं मक्का के बीज उपलब्ध हैं। उन्होंने किसानों से अधिक उत्पादन के लिए प्रमाणित बीजों के उपयोग की अपील की। वहीं संचालक प्रभात गुप्ता एवं देव प्रसाद गुप्ता ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ खेती से संबंधित आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस नेता नसीम अंसारी, रविंद्र राम एवं अन्य वक्ताओं ने कहा कि यह केंद्र किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक खेती को प्रोत्साहित करने तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। कार्यक्रम में नेता अवधेश मेहरा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.