आमरण अनशन पर बैठे छात्र राहुल क्रांति से मिलीं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री स्मिता आनंद
विद्यार्थियों व परीक्षार्थियों की मांग की निष्पक्ष जांच हो सुनिश्चित : स्मिता आनंद

मेदिनीनगर (पलामू) : भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री सुश्री स्मिता आनंद रविवार को रांची स्थित सदर अस्पताल पहुंचकर जेएसएससी व जेपीएससी में कथित महाघोटाले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे पलामू के छात्र राहुल क्रांति से मुलाकात की।
सुश्री स्मिता आनंद ने चिकित्सकों से राहुल क्रांति के स्वास्थ्य के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी। चिकित्सकों ने बताया कि तबीयत अधिक बिगड़ने के कारण उन्हें शनिवार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लंबे समय से आमरण अनशन पर रहने के कारण उनका स्वास्थ्य चिंताजनक बना हुआ है।
सुश्री आनंद ने राहुल क्रांति के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों के हितों व प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता व निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए उठाई जा रही उनकी मांग गंभीर व महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार को विद्यार्थियों व परीक्षार्थियों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने चिकित्सकों से राहुल क्रांति को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सुश्री आनंद ने कहा कि युवाओं व छात्रों की आवाज को लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण तरीके से उठाने वालों की मांगों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए।