बरवाडीह रेलवे स्टेशन पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी आरपीएफ व जीआरपी
प्लेटफॉर्म संख्या-2 के पास मिला शव, पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटा प्रशासन

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से रेलवे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव स्टेशन परिसर के समीप पोल संख्या 258/2 के पास पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्लेटफॉर्म पर शव देखे जाने के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। प्रारंभिक तौर पर मृतक किसी विक्षिप्त व्यक्ति जैसा प्रतीत हो रहा है हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। घटना के बाद स्टेशन परिसर में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार मीणा ने बताया कि मृतक की पहचान कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मामले की सूचना डालटनगंज जीआरपी को दे दी गई है। जीआरपी टीम के बरवाडीह पहुंचने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल भेजा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। रेलवे प्रशासन और पुलिस मृतक की शिनाख्त तथा उसके परिजनों का पता लगाने में जुटी हुई है। वहीं घटना के बाद स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।