ताज़ा-ख़बर

गिरिडीह में सनसनी, सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक डॉ. बी.एन. झा का शव कुएं से बरामद

रिपोर्ट: Amit Sahay19 घंटे पहलेझारखण्ड

संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह में सनसनी, सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक डॉ. बी.एन. झा का शव कुएं से बरामद

गिरिडीह : सोमवार सुबह गिरिडीह में उस समय सनसनी फैल गई जब गिरिडीह सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक डॉ. बी.एन. झा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाचंबा थाना क्षेत्र स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने कुएं में एक शव तैरता देखा जिसके बाद तत्काल पाचंबा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। बाद में शव की पहचान गिरिडीह सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक डॉ. बी.एन. झा के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। डॉ. बी.एन. झा चिकित्सा क्षेत्र में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके निधन की खबर से चिकित्सकों, अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.