सरायकेला में अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, ईंट भट्टों पर जिला खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई
कुलुपटांगा, बनडीह और सिरका में औचक निरीक्षण, अवैध मिट्टी उत्खनन पर नोटिस जारी

सरायकेला-खरसावां : उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग ने अवैध खनन एवं खनिज भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजा कुलुपटांगा, आनंदपुर (बनडीह) तथा नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा सिरका स्थित ईंट भट्टा इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौजा कुलुपटांगा एवं आनंदपुर (बनडीह) में दो ईंट भट्टा इकाइयां संचालित पाई गईं जहां मिट्टी खनिज का उत्खनन और भंडारण किया हुआ मिला। जांच में विभागीय नियमों के उल्लंघन के संकेत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नोटिस एवं मांगपत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं कुलुपटांगा स्थित एक अन्य ईंट भट्टा इकाई बंद पाई गई। इधर नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा सिरका स्थित ईंट भट्टा संचालक द्वारा राजस्व संबंधी आवश्यक दस्तावेज विभाग के समक्ष प्रस्तुत किए गए जिसकी जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने खनन विभाग को लगातार निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। खनन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन एवं बिना अनुमति संचालित ईंट भट्टा संचालकों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।