सरायकेला-खरसावां में अवैध बालू परिवहन पर प्रशासन सख्त, मध्यरात्रि जांच में वाहन जब्त
खनन विभाग और खरसावां थाना की संयुक्त कार्रवाई, बिना वैध कागजात के पकड़ा गया बालू लदा वाहन

सरायकेला-खरसावां : जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार गुरुवार देर रात जिला खनन विभाग एवं खरसावां थाना की संयुक्त टीम द्वारा खरसावां चौक पर औचक वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच अभियान के दौरान खनिजों के अवैध परिवहन की विशेष रूप से जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में एक बालू लदा वाहन (संख्या जेएच01सीडी-2078) को रोका गया। वाहन चालक द्वारा बालू परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर टीम ने वाहन को विधिवत जब्त कर लिया। इसके बाद वाहन को सुरक्षार्थ खरसावां थाना में रखा गया है। मामले में जिला खनन विभाग द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खनिज संपदा की अवैध निकासी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि खनिजों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी नियमित रूप से औचक जांच अभियान चलाए जाएंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप देखा जा रहा है।