सरायकेला-खरसावां पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 15 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला
यातायात थाना से कई अधिकारियों की हुई अदला-बदली, आदित्यपुर, गम्हरिया, कपाली और चांडिल में नई तैनाती

सरायकेला-खरसावां : पुलिस विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जिला आदेश संख्या 630/2026 के तहत कुल 15 सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) स्तर के पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित करते हुए विभिन्न थाना एवं इकाइयों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। जारी आदेश के अनुसार यातायात थाना में लंबे समय से पदस्थापित कई पुलिस पदाधिकारियों को अलग-अलग थानों और इकाइयों में भेजा गया है। एएसआई मोहम्मद समसुद्दीन, एएसआई सत्येंद्र सिंह तथा एएसआई मोहम्मद अकबर हुसैन को आदित्यपुर थाना भेजा गया है। वहीं एएसआई नारद साह को आरआईटी थाना, एएसआई अनिल कुमार को गम्हरिया थाना और एएसआई जितेंद्र कुमार राय को कपाली ओपी में पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा एएसआई शंकर कुमार यादव को चांडिल थाना तथा एएसआई रविंद्र कुमार को सड़क सुरक्षा कोषांग में नई जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी ओर विभिन्न थानों एवं इकाइयों से भी कई पुलिस पदाधिकारियों को यातायात थाना में स्थानांतरित किया गया है। आदित्यपुर थाना से एएसआई महेश उरांव, गम्हरिया पुलिस कार्यालय से एएसआई श्रवण कुमार सिंह, चालियामा पिकेट नीमडीह थाना से एएसआई सुनील कुमार यादव, सड़क सुरक्षा कोषांग से एएसआई संदीप कुमार झा, कपाली ओपी से एएसआई मनोज कुमार मिश्रा तथा चांडिल थाना से एएसआई नेपाल चंद्र महतो को यातायात थाना भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों, ओपी प्रभारियों एवं पुलिस केंद्र को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुलिस विभाग के अंदर इस तबादले को प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और कार्य प्रणाली में सुधार से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार जिले में कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण तथा थाना स्तर पर कार्य क्षमता बढ़ाने को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही थी जिसके बाद यह फेरबदल किया गया। पुलिस महकमे में हुए इस व्यापक बदलाव के बाद अब विभिन्न थानों और इकाइयों में नई रणनीति और जिम्मेदारियों के साथ कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।