ताज़ा-ख़बर

सरायकेला पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक बरामद

रिपोर्ट: MANISH 6 घंटे पहलेअपराध

एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से मिली बड़ी सफलता, सरायकेला समेत आसपास के जिलों में सक्रिय था गिरोह

सरायकेला पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक बरामद

सरायकेला : पुलिस ने जिले में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले का खुलासा सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। एसपी ने बताया कि 17 जुलाई 2026 की रात सरायकेला थाना क्षेत्र के जोरडीहा निवासी लाल चांद सरदार के घर के आंगन से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या JH22F-8686) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एसआईटी ने गिरोह के तीन सदस्यों अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26 वर्ष), करण बास्के (22 वर्ष) और कृष्णा नाथ उर्फ दुखू (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई मूल मोटरसाइकिल के अलावा बिना नंबर प्लेट की चार अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है। अख्तर अंसारी के खिलाफ पूर्व में पांच तथा करण बास्के के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका गिरोह सरायकेला-खरसावां के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी तथा चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। एसपी ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

इन्हें भी पढ़ें.