ताज़ा-ख़बर

भीषण गर्मी में पुलिस जवानों के लिए संवेदनशील पहल, सरायकेला पुलिस ने बांटी राहत सामग्री

रिपोर्ट: MANISH 41 मिनट पहलेझारखण्ड

एसपी निधि द्विवेदी की पहल पर ट्रैफिक जवानों को स्टील बोतल, छतरी और ORS उपलब्ध

भीषण गर्मी में पुलिस जवानों के लिए संवेदनशील पहल, सरायकेला पुलिस ने बांटी राहत सामग्री

सरायकेला-खरसावां : देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच सरायकेला-खरसावां पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात जवानों की सेहत और सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय पहल की है। जिले की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में जिले के 16 ट्रैफिक पोस्टों पर तैनात पुलिसकर्मियों के बीच राहत सामग्री वितरित की गई। इस दौरान जवानों को तेज धूप और लू से बचाने के लिए छतरियां, पानी को ठंडा रखने हेतु स्टील की बोतलें तथा डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए ओआरएस के पैकेट दिए गए। पुलिस विभाग की इस मानवीय पहल की आम लोगों के बीच भी सराहना हो रही है। यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि लगातार धूप और सड़क पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को गर्मी के कारण कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एसपी के निर्देश पर यह विशेष व्यवस्था की गई है ताकि जवान स्वस्थ रहकर बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पुलिसकर्मियों के लिए कूलर जैकेट भी ट्रायल के तौर पर मंगवाए जा रहे हैं। यदि इसका परीक्षण सफल रहता है तो भविष्य में जिले के सभी यातायात पुलिसकर्मियों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस विभाग की इस पहल को मानव संसाधन और पुलिस कल्याण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

इन्हें भी पढ़ें.