ताज़ा-ख़बर

जमशेदपुर डेयरी प्रबंधन पर गंभीर आरोप, मृतक कर्मी रविन्द्र नाथ ठाकुर के परिजनों ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने की उठाई मांग

रिपोर्ट: MANISH 5 घंटे पहलेझारखण्ड

01 जुलाई से कंपनी मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन जाम की चेतावनी, न्याय नहीं मिला तो होगा आंदोलन : चंदन ठाकुर व रश्मि भेंगरा

जमशेदपुर डेयरी प्रबंधन पर गंभीर आरोप, मृतक कर्मी रविन्द्र नाथ ठाकुर के परिजनों ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने की उठाई मांग

गम्हरिया : जमशेदपुर डेयरी (दूध कंपनी) में कार्यरत 59 वर्षीय कर्मचारी रविन्द्र नाथ ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक की पत्नी तारा देवी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कंपनी प्रबंधन और संबंधित ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। साथ ही मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। मांगें पूरी नहीं होने पर 01 जुलाई 2026 से कंपनी के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन जाम करने की चेतावनी दी गई है। मृतक के पुत्र चंदन ठाकुर के अनुसार 17 जून को ड्यूटी के दौरान रविन्द्र नाथ ठाकुर की तबीयत बिगड़ गई थी। आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने उनका समुचित उपचार कराने के बजाय शाम को उन्हें घर छोड़ दिया। बाद में परिजनों ने उन्हें ईएसआई अस्पताल, फिर टीएमएच और उसके बाद रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान 21 जून को उनकी मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि चिकित्सकों ने शरीर में जहरीले पदार्थ के प्रभाव की बात कही थी। मृतक के पुत्र चंदन ठाकुर ने कहा कि पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद यदि कंपनी समय रहते उचित इलाज कराती तो शायद उनकी जान बच सकती थी। अब हम चाहते हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और कंपनी प्रबंधन, संबंधित ठेकेदार सहित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए। यदि न्याय नहीं मिला तो 01 जुलाई से कंपनी गेट पर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता रश्मि भेंगरा ने आरोप लगाया कि परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से कई बार वार्ता का प्रयास किया लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मृतक परिवार को उचित मुआवजा, एक आश्रित को स्थायी नौकरी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि प्रशासन और कंपनी प्रबंधन ने समय रहते पहल नहीं की तो आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिया जाएगा।

इन्हें भी पढ़ें.