करमा पंचायत में उप मुखिया पर गड़बड़ी के गंभीर आरोप, राशन कार्ड में धोखाधड़ी का मामला उजागर
सरकारी कर्मचारी पिता-दादा की चार वर्ष पूर्व हो चुकी है मृत्यु इसके बावजूद ले रहे राशन

चौपारण, हजारीबाग (मनीष सिन्हा) : करमा पंचायत में एक बार फिर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। पंचायत के ग्रामीणों ने उपायुक्त को आवेदन देकर उप मुखिया बिनोद कुमार गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने गलत जानकारी देकर राशन कार्ड बनवाया और वर्षों से मुफ्त राशन का लाभ उठा रहे हैं जबकि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सरकारी अनाज लेने की पात्रता नहीं रखती।
सरकारी कर्मचारी पिता-दादा के बावजूद लिया राशन
आवेदन में कहा गया है कि बिनोद कुमार गुप्ता के पिता बीसीसीएल में कार्यरत हैं जबकि उनके दादा सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त थे और उनकी मृत्यु चार वर्ष पूर्व हो चुकी है। इसके बावजूद उनके नाम पर राशन लिया जा रहा है।
आर्थिक स्थिति बेहतर, फिर भी सरकारी लाभ
ग्रामीणों का आरोप है कि बिनोद कुमार गुप्ता के पास दो मंजिला मकान, पोकलेन मशीन और ट्रैक्टर जैसी संपत्तियां हैं। ऐसे में वे राशन कार्ड की पात्रता नहीं रखते फिर भी सरकारी अनाज का उठाव कर रहे हैं।
जानबूझकर छिपाई जानकारी, की जा रही कानूनी कार्रवाई की मांग
गौतम कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि बिनोद कुमार गुप्ता ने अपने पिता और दादा की सरकारी नौकरी की जानकारी छिपाकर राशन कार्ड बनवाया। अब ग्रामीणों ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उप मुखिया का जवाब टालमटोल भरा, जांच की उठी मांग
जब इस विषय में बिनोद कुमार गुप्ता से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने स्टेशन पर होने की बात कहकर बातचीत टाल दी। बाद में फोन करने पर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद
गंभीर आरोपों के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है।