ताज़ा-ख़बर

नेपाल में बाढ़ से तबाह अपर त्रिशूली-1 परियोजना में 17 दिन बाद सात शव बरामद

रिपोर्ट: basant raj rijal1 घंटे पहलेविदेश

595 लोग अब भी लापता, सुरंग और मलबे में तेज हुआ बचाव अभियान

नेपाल में बाढ़ से तबाह अपर त्रिशूली-1 परियोजना में 17 दिन बाद सात शव बरामद

काठमांडू : नेपाल में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ से बुरी तरह क्षतिग्रस्त 216 मेगावाट की अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना में 17 दिनों से जारी खोज एवं बचाव अभियान के दौरान सात लोगों के शव बरामद किए गए हैं। स्वतंत्र ऊर्जा उत्पादक संघ, नेपाल (आईपीपीएएन) के अनुसार शुक्रवार देर रात सुरंग और हेडवर्क्स क्षेत्र में तलाशी के दौरान ये शव मिले। बाढ़ के बाद परियोजना में बड़ी संख्या में कर्मचारी और श्रमिक लापता हो गए थे। शुक्रवार को नेपाली सेना और परियोजना की प्रवर्द्धक कंपनी नेपाल वाटर एंड एनर्जी डेवलपमेंट कंपनी के सर्वे इंजीनियरों की संयुक्त टीम ने ऑडिट-1 क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच में सुरंग का बड़ा हिस्सा मलबे से पूरी तरह भरा मिला, जिससे अंदर फंसे लोगों तक पहुंचना बचाव दल के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। इधर मैलुंग कैंप साइट पर मिनी स्कावेटर की मदद से मलबा हटाने और खुदाई का काम शुरू किया गया है। वहीं ऑडिट-3 क्षेत्र में नेपाली सेना और ऑस्ट्रेलियाई बचाव दल ने भी तलाशी अभियान चलाया। परियोजना प्रबंधन के मुताबिक शनिवार से लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान को और तेज किया जाएगा। बाढ़ आने से पहले परियोजना स्थल पर कुल 1,433 लोग काम कर रहे थे। इनमें से 878 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है जबकि 595 लोग अब भी लापता हैं। सात शवों की बरामदगी के बाद लापता लोगों के परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। बचाव दल सुरंगों, हेडवर्क्स और विभिन्न कैंप साइटों में मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। लगातार जमा मलबा, पानी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां अभियान में बड़ी बाधा बनी हुई हैं। अधिकारियों और बचाव दलों के सामने अब चुनौती मलबे के भीतर संभावित रूप से फंसे लोगों तक सुरक्षित पहुंचने और अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने की है।

इन्हें भी पढ़ें.