ताज़ा-ख़बर

रजरप्पा से 105 किमी पैदल चलकर बुढ़वा महादेव पहुंचे शिवभक्त, उत्कृष्ट कांवरिया संघों को किया गया सम्मानित

रिपोर्ट: VBN News Desk10 घंटे पहलेझारखण्ड

झांकी, अनुशासन और साउंड प्रदर्शन में कांवरिया संघों ने बिखेरा जलवा, पुरस्कार वितरण समारोह में जुटे हजारों श्रद्धालु

रजरप्पा से 105 किमी पैदल चलकर बुढ़वा महादेव पहुंचे शिवभक्त, उत्कृष्ट कांवरिया संघों को किया गया सम्मानित

रिपोर्ट : अजय कुमार

बड़कागांव : श्रावण मास की अंतिम सोमवारी के अवसर पर बड़कागांव क्षेत्र में शिवभक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न कांवरिया संघों के शिवभक्तों ने रजरप्पा से पवित्र जल लेकर करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करते हुए महुदी पहाड़ स्थित प्रसिद्ध बुढ़वा महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच कांवरिया संघों ने अनुशासित ढंग से यात्रा पूरी की और आकर्षक झांकियों, साउंड तथा लाइट प्रदर्शन से लोगों का मन मोह लिया। श्रावणी यात्रा के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कांवरिया संघों को सम्मानित करने के लिए बुढ़वा महादेव शांति सह विकास समिति, कर्णपुरा क्षेत्र के बैनर तले गुरु चट्टी कुशवाहा समाज द्वारा मां अंबे दुर्गा मंदिर प्रांगण, बाजार टांड़ गुरु चट्टी में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, मुखिया संघ अध्यक्ष रंजीत मेहता, कुशवाहा समाज कर्णपुरा क्षेत्र बड़कागांव के अध्यक्ष भीखन महतो, बुढ़वा महादेव शांति सह विकास समिति कर्णपुरा क्षेत्र के अध्यक्ष शशि मेहता, समाजसेवी बालेश्वर महतो, रामनवमी महासमिति अध्यक्ष विवेक सोनी, पूर्व प्रमुख टुकेश्वर प्रसाद एवं बुढ़वा महादेव शांति सह विकास समिति के अध्यक्ष दामोदर प्रसाद मेहता उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता कांवरिया संघों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

ऑल ओवर प्रदर्शन में श्री राम सेना युवा कांवरिया संघ अव्वल

ऑल ओवर प्रदर्शन में श्री राम सेना युवा कांवरिया संघ, पिपराडीह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 15,051 रुपये का पुरस्कार जीता। युवा कांवरिया संघ, बादम को द्वितीय स्थान के लिए 10,051 रुपये तथा संगम युवा कांवरिया संघ, बसरिया मोहल्ला बड़कागांव को तृतीय स्थान के लिए 5,100 रुपये देकर सम्मानित किया गया। झांकी प्रदर्शन में संगम युवा कांवरिया संघ बसरिया मोहल्ला प्रथम, युवा कांवरिया संघ बादम द्वितीय और श्री राम सेना युवा कांवरिया संघ पिपराडीह तृतीय स्थान पर रहा। अनुशासन के क्षेत्र में युवा कांवरिया संघ बादम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि श्री राम सेना युवा कांवरिया संघ पिपराडीह द्वितीय और संगम युवा कांवरिया संघ बसरिया मोहल्ला तृतीय स्थान पर रहा। साउंड प्रदर्शन में मीरा डीजे, सार्जन भगवा रक्षक दल बरवनिया प्रथम, विजय डीजे नवयुवक कांवरिया संघ कुम्हरडीहा द्वितीय तथा राजा डीजे कांवरिया संघ महुदी तृतीय स्थान पर रहा। सभी विजेता टीमों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया जबकि अन्य कांवरिया संघों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र कुमार ने किया। निर्णायक समिति में रामचरित्र प्रसाद, राजेंद्र कुमार और अमरेश कुमार शामिल रहे। समारोह के संरक्षक बालेश्वर महतो, संयोजक जयशंकर मेहता, अध्यक्ष धूपन महतो, सचिव अवध किशोर कुमार, कोषाध्यक्ष सिकंदर कुमार सहित कमेटी के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौके पर बगल किशोर महतो, विनोद यादव, संजय कुमार, भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष शिवशंकर उलाल उर्फ शिबू मेहता, नरसिंह प्रसाद, राजेंद्र कुमार, सहेश कुमार समेत विभिन्न कांवरिया संघों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़ें.