शिवनारायणपुर हत्याकांड का खुलासा: मंगनी समारोह में शुरू हुए विवाद ने ली युवक की जान, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पत्थर से कुचलकर की गई थी गौतम की हत्या, पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पत्थर बरामद किया, एक आरोपी अब भी फरार

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले की आदित्यपुर थाना पुलिस ने शिवनारायणपुर गांव में हुए चर्चित हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी राहुल हेम्ब्रम उर्फ दीपक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है, जबकि मामले का एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि घटना के दिन शिवनारायणपुर गांव में सोनू नामक युवक की बहन का मंगनी समारोह चल रहा था। इसी दौरान गांव के गौतम और उसका मित्र कंचन बाइक से वहां से गुजर रहे थे। इसी बीच राहुल हेम्ब्रम के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर पहले से भी विवाद चला आ रहा था। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज से मारपीट में बदल गया। स्थिति बिगड़ने पर गौतम और कंचन वहां से भागने लगे, लेकिन राहुल हेम्ब्रम ने गौतम का पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोप है कि उसने गौतम को जमीन पर गिराकर पत्थर से लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कंचन किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया और मुख्य आरोपी राहुल हेम्ब्रम उर्फ दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि मामले का दूसरा आरोपी गौड़ गोप अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर सुनील सिंह, हीरालाल यादव एवं अमीश कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।