ताज़ा-ख़बर

अतिक्रमण हटने के बाद दुकानदारों ने लगाई गुहार, पार्षद नीतू शर्मा से पुनर्वास की मांग

रिपोर्ट: MANISH 1 दिन पहलेझारखण्ड

प्रभात पार्क के पास नहीं लगने देंगे दुकान, वैकल्पिक व्यवस्था के लिए मेयर-डिप्टी मेयर से करेंगे वार्ता : नीतू शर्मा

अतिक्रमण हटने के बाद दुकानदारों ने लगाई गुहार, पार्षद नीतू शर्मा से पुनर्वास की मांग

आदित्यपुर : नगर निगम वार्ड संख्या 17 स्थित प्रभात पार्क के समीप से हाल ही में हटाए गए अवैध अतिक्रमणकारी दुकानदारों ने सोमवार को स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा से मुलाकात कर उन्हें वार्ड क्षेत्र में ही पुनर्वासित करने की मांग की। दुकानदारों ने अपनी रोजी-रोटी का हवाला देते हुए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। जानकारी के अनुसार अतिक्रमण हटाए जाने के बाद प्रभावित दुकानदारों ने पहले नगर निगम के अधिकारियों से मुलाकात कर समाधान तलाशने का प्रयास किया लेकिन उन्हें कोई सकारात्मक आश्वासन नहीं मिला। इसके बाद सभी दुकानदार पार्षद नीतू शर्मा के पास पहुंचे और मदद की अपील की। इस संबंध में पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने उन पर बाहरी लोगों को साजिश के तहत उजाड़ने और बदनाम करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि अब वही दुकानदार उनके पास आकर पुनः बसाने का अनुरोध कर रहे हैं जिससे स्थिति स्पष्ट हो गई है। पार्षद ने कहा कि मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास के लिए मेयर एवं डिप्टी मेयर से बातचीत की जाएगी और वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जाएगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि प्रभात पार्क के समीप किसी भी परिस्थिति में दोबारा दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नीतू शर्मा ने कहा कि पार्क का क्षेत्र सार्वजनिक उपयोग और सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से विकसित किया गया है इसलिए वहां अतिक्रमण की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस पूरे मामले में राजनीतिक लाभ लेने और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे थे लेकिन अब उनकी साजिश जनता के सामने उजागर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद ही आगे की कार्रवाई और पुनर्वास संबंधी निर्णय लिया जाएगा।

इन्हें भी पढ़ें.