ताज़ा-ख़बर

शॉर्ट फिल्म दहाड़ ने बढ़ाया पलामू का गौरव, कई फिल्म समारोहों में हुआ चयन

रिपोर्ट: VBN News Desk3 दिन पहलेझारखण्ड

फिल्म को सिनेमैटिक ब्रिलिएंस फिल्म अवॉर्ड्स 2026 में मिल चुका है सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार

शॉर्ट फिल्म दहाड़ ने बढ़ाया पलामू का गौरव, कई फिल्म समारोहों में हुआ चयन

मेदिनीनगर (पलामू) : यंग स्टार ग्रुप प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी शॉर्ट फिल्म दहाड़ इन दिनों चर्चा में है। बालिकाओं की आत्मरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आधारित फिल्म की शूटिंग के कुछ महत्वपूर्ण दृश्य द कराटे एकेडमी में भी किए गए हैं। फिल्म में द कराटे एकेडमी के बच्चों ने अभिनय कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

फिल्म का निर्देशन व पटकथा सुमित वर्मन ने तैयार की है। फिल्म को सिनेमैटिक ब्रिलिएंस फिल्म अवॉर्ड्स 2026 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिल चुका है। वहीं चित्रपट फिल्म फेस्टिवल 2026 में काजल कुमारी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला है। इसके अलावा दहाड़ का चयन इंडो ग्लोबल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, पुणे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल व कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में आधिकारिक चयन के रूप में हुआ है। फिल्म दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सेमी फाइनलिस्ट व द लिफ्ट-ऑफ ग्लोबल नेटवर्क सेशंस में फाइनलिस्ट भी रही है।

फिल्म के निदेशक सुमित वर्मन ने कहा कि बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को मंच देने व बालिकाओं की आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यह फिल्म बनाई गई है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने पूरी मेहनत व लगन के साथ फिल्म में काम किया, जो पूरी टीम के लिए गर्व की बात है।

सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार पाने वाली काजल कुमारी ने कहा कि फिल्म में काम करना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। इस फिल्म ने उन्हें अभिनय के साथ आत्मविश्वास व टीम के साथ काम करने का अवसर दिया। फिल्म के संपादन एवं संगीत का कार्य मनीष कुमार ने किया है। कैमरा विकाश कुमार ने संभाला है। फिल्म में काजल कुमारी, मृत्युंजय कुमार, आनंद कुमार, अशोक चौधरी, राजू कुमार, अफजल आलम, आकर्ष प्रताप और सुमित विश्वकर्मा ने अभिनय किया है। फिल्म अब यंग स्टार ग्रुप के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हो चुकी है। टीम ने लोगों से अपील की है कि बच्चों की मेहनत व हुनर को प्रोत्साहित करने के लिए दहाड़ जरूर देखें व साझां करें।

इन्हें भी पढ़ें.