सीबीएसई 10वीं में श्रीराम डिवाइन एकेडमी का शानदार प्रदर्शन, 100 फीसदी रिजल्ट से रचा इतिहास
निदेशक श्रीराम यादव और प्रिंसिपल बंदना सिंह राय ने छात्रों की सफलता पर जताई खुशी

सरायकेला : गम्हरिया स्थित श्रीराम डिवाइन एकेडमी इंग्लिश स्कूल ने सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत रिजल्ट हासिल किया है। विद्यालय के सभी 110 छात्र-छात्राएं अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हुए हैं जिससे स्कूल और क्षेत्र का मान बढ़ा है। इस वर्ष अंशु दास ने 88.2 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कृष्णा राज (85.2 प्रतिशत), मोंटू गोस्वामी (84.4 प्रतिशत), कोमल वर्मा (84.2 प्रतिशत), लीजा नन्दी (83.2 प्रतिशत), संजू महतो (83.1 प्रतिशत) और मैथिली ठाकुर (83 प्रतिशत) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के निदेशक श्रीराम यादव ने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं प्रिंसिपल बंदना सिंह राय ने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य केवल परीक्षा में सफलता नहीं बल्कि छात्रों का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक वातावरण ही इस सफलता की कुंजी है। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए आने वाले वर्षों में और बेहतर परिणाम देने का संकल्प लिया है।