ताज़ा-ख़बर

खालसा प्रीमियर लीग में सिख युवा दिखाएंगे क्रिकेट का दम, 17 से 19 अप्रैल तक होगा आयोजन

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

मोबाइल छोड़ मैदान में उतरेंगे खिलाड़ी, कोऑपरेटिव कॉलेज मैदान में लगेगा सिख युवाओं का जमावड़ा

खालसा प्रीमियर लीग में सिख युवा दिखाएंगे क्रिकेट का दम, 17 से 19 अप्रैल तक होगा आयोजन

जमशेदपुर : सिख युवाओं को खेल का मंच देने के उद्देश्य से गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची (जीपीसीएस) का स्पोर्ट्स विंग 17 से 19 अप्रैल तक तीन दिवसीय खालसा प्रीमियर लीग (केपीएल) का आयोजन करेगा। बिस्टुपुर स्थित कोऑपरेटिव कॉलेज मैदान में होने वाली इस टेनिस बॉल फटाफट बिग बैश क्रिकेट प्रतियोगिता में कोल्हान के सिख युवा अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह ने रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य सिख युवाओं को खेल के क्षेत्र में उचित मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा प्रबंधन चाहता है कि युवा मोबाइल और आभासी दुनिया से बाहर निकलकर मैदान में आएं और अपनी प्रतिभा दिखाएं। आयोजन समिति के निदेशक के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल रहे निशान सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार तथा उपविजेता टीम को भी सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार राशि की घोषणा बाद में की जाएगी। टूर्नामेंट के तकनीकी निदेशक बलजीत संसोआ ने बताया कि प्रतियोगिता में न्यूनतम आठ और अधिकतम 12 टीमों को ही पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। अब तक चार टीमों की प्रविष्टि सुनिश्चित हो चुकी है। सतबीर सिंह गोलडू और अजैब सिंह ने बताया कि यह क्रिकेट लीग सिखों के प्रमुख पर्व बैसाखी और खालसा सृजन दिवस को समर्पित होगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष तैयारी में थोड़ा समय लग गया, लेकिन अगले वर्ष से इसे बैसाखी के अवसर पर नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता में केवल सिख खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। टीम के सभी खिलाड़ियों का सिख होना अनिवार्य होगा। इच्छुक टीमें साकची गुरुद्वारा कार्यालय से प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकती हैं या मोबाइल नंबर 9934123704 पर संपर्क कर सकती हैं।

इन्हें भी पढ़ें.