सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने वार्ष्णेय प्लस-2 स्कूल के विद्यार्थियों को पढ़ाया, करियर निर्माण के दिए टिप्स
पढ़ाई की समस्याओं से लेकर करियर की राह तक - विनय कुमार की मार्गदर्शन से कक्षा में उत्साहित दिखे विद्यार्थी

सीनी : सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी स्थित वार्ष्णेय प्लस-2 स्कूल में शुक्रवार, 7 अगस्त को विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने विद्यार्थियों को पढ़ाया और उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ बेहतर करियर बनाने को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी पढ़ाई से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और भविष्य को लेकर सवाल पुलिस पदाधिकारी के समक्ष रखे। विनय कुमार ने विद्यार्थियों की समस्याओं को समझते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से पढ़ाई करने तथा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का चुनाव करने के लिए मार्गदर्शन दिया। सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में सही समय पर मिला मार्गदर्शन उनके भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहना चाहिए और कठिनाइयों से घबराने के बजाय निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के साथ अनुशासन और सकारात्मक सोच को भी जीवन में अपनाने की सलाह दी। मार्गदर्शन सत्र के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर साझा कीं और करियर संबंधी जानकारी प्राप्त की।