ताज़ा-ख़बर

प्रभात पार्क में पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण शिविर, पार्षद नीतू शर्मा की मौजूदगी में हुआ सत्यापन

रिपोर्ट: MANISH 4 घंटे पहलेझारखण्ड

वार्ड 15 से 19 तक के लाभुकों के दस्तावेजों की हुई जांच, मृत लाभुकों के नाम सूची से हटाए गए

प्रभात पार्क में पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण शिविर, पार्षद नीतू शर्मा की मौजूदगी में हुआ सत्यापन

आदित्यपुर : गम्हरिया अंचल कार्यालय के निर्देशानुसार सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) को लेकर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित किया गया। इस क्रम में वार्ड संख्या 15, 16, 17, 18 एवं 19 के लाभुकों के लिए प्रभात पार्क में सत्यापन शिविर लगाया गया, जिसकी अध्यक्षता वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा ने की। शिविर में मुख्य रूप से इंदिरा गांधी वृद्धा पेंशन समेत अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों का आधार कार्ड और बैंक पासबुक के माध्यम से सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान जिन लाभुकों की मृत्यु हो चुकी थी, उनके नाम पेंशन सूची से हटाने की प्रक्रिया भी पूरी की गई, ताकि वास्तविक लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिल सके। पार्षद नीतू शर्मा ने बताया कि गम्हरिया अंचल के निर्देशानुसार सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पेंशन योजनाओं का लाभ सही और पात्र लाभुकों तक पहुंचे। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि वे समय पर अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराएं और किसी प्रकार की समस्या होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों या अधिकारियों से संपर्क करें। शिविर में गम्हरिया अंचल कार्यालय से कर्मचारी संदीप कुमार, सोनामणि महतो, सूरज गोराई तथा राकेश कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा आंगनबाड़ी सेविका सुनीता कुमारी और रूपा सिंह सहित अन्य कर्मियों ने भी शिविर के संचालन में सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर से पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिलने में पारदर्शिता और सुविधा दोनों सुनिश्चित होती है।

इन्हें भी पढ़ें.