निजी राशि से सड़क मरम्मत व चार कल्वर्ट निर्माण का शुभारंभ, पियूष चौधरी की पहल से ग्रामीणों में खुशी
गोला प्रखंड की नवाडीह पंचायत स्थित नवाडीह रेलवे फाटक से जारा टोला होते हुए गोविंदपुर गांव तक जाने वाली वर्षों से जर्जर सड़क की मरम्मत एवं चार स्थानों पर कल्वर्ट (पुलिया) निर्माण कार्य का शुभारंभ युवा समाजसेवी पियूष चौधरी ने अपने निजी खर्च से कराया। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लंबे समय से आवागमन में परेशानी हो रही थी। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। सड़क मरम्मत और पुलिया निर्माण से अब क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसका लाभ विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों को मिलेगा। इस अवसर पर पियूष चौधरी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका प्राथमिक उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यदि जनहित के कार्यों में संसाधनों की कमी भी सामने आती है, तो वे अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करने के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। उनका कहना था कि विकास का वास्तविक स्वरूप धरातल पर किए गए कार्यों से दिखाई देता है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों से उपेक्षित सड़क की मरम्मत और चार कल्वर्टों के निर्माण से उनकी बड़ी समस्या का समाधान होगा। उन्होंने पियूष चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की।
