एसआईआर कार्य में तेजी, प्रखंड व अंचल कर्मी युद्ध स्तर पर जुटे
बरवाडीह(लातेहार)।प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज के निर्देश पर बरवाडीह प्रखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। प्रखंड एवं अंचल के अधिकारी-कर्मी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता प्रपत्रों का सत्यापन, संकलन एवं ऑनलाइन अपलोड करने में जुटे हुए हैं।अभियान के तहत प्राप्त प्रपत्रों को बीएलओ ऐप के माध्यम से लगातार ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है। अब तक लगभग 40 प्रतिशत एसआईआर प्रपत्रों का ऑनलाइन अपलोड पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।प्रखंड प्रशासन ने बताया कि सभी संबंधित कर्मियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया गया है। उद्देश्य है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो सके।प्रशासन ने सभी बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों से अभियान में पूरी गंभीरता के साथ कार्य करने तथा निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने की अपील की है।
