राजद नेताओं के नाम पर कार्यक्रम आयोजित कर समाज को गुमराह किया जा रहा : बैजू कुमार
पुरेंद्र नारायण सिंह पर अवैध वसूली का आरोप, राजद जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम से दूर रहने की अपील की

आदित्यपुर : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष बैजू कुमार ने एक बयान जारी कर 11 जून को आदित्यपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह द्वारा राजद के शीर्ष नेतृत्व एवं पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के नाम का उपयोग कर व्यवसायियों तथा समाज के लोगों को भय दिखाकर अवैध वसूली की जा रही है। बैजू कुमार ने कहा कि संबंधित कार्यक्रम का राष्ट्रीय जनता दल के आधिकारिक संगठन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेताओं के नाम का उपयोग कर लोगों को भ्रमित करना और राजनीतिक प्रभाव का भय दिखाकर चंदा अथवा आर्थिक सहयोग लेना गंभीर मामला है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि राजद हमेशा सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की राजनीति करती रही है। ऐसे में किसी व्यक्ति द्वारा पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व की छवि का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी नेतृत्व को भी अवगत कराया जाएगा। बैजू कुमार ने जिले के सभी राजद कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा समाज के लोगों से अपील की कि वे उक्त कार्यक्रम में शामिल न हों और किसी भी प्रकार के भ्रम या दबाव में न आएं। उन्होंने कहा कि पार्टी के अधिकृत कार्यक्रमों की सूचना संगठनात्मक स्तर पर दी जाती है और कार्यकर्ताओं को केवल आधिकारिक निर्देशों का ही पालन करना चाहिए।