दामाद ने अपने ससुर, पत्नी व साली को मारा चाकू, ससुर की हुई मौत, दामाद फरार
ससुर की मौत हो गई तथा अन्य घायलों को एमएमसीएच मेदिनीनगर में उपचार किया जा रहा है।

छतरपुर: छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुशीगंज के ग्राम गम्हरिया में बृहस्पतिवार की रात एक दामाद ने अपने ही ससुर, पत्नी व साली को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिसेमें इलाज के दौरान उसके ससुर सुनील यादव की मौत हो गई तथा अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार लवकुश यादव पिता सीताराम यादव ग्राम सौवां बारेवा थाना हैदर नगर पलामू ने बीती रात अपने ससुराल में आकर अपने ससुर सुनील यादव(50) पत्नी पूजा देवी(22) तथा साली कविता कुमारी(16) पर जानलेवा हमला कर दिया जिससे वे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान उसके ससुर की मौत हो गई तथा अन्य घायलों को एमएमसीएच मेदिनीनगर में उपचार किया जा रहा है।
इस बाबत स्थानीय लोगों ने बताया कि लवकुश यादव को पूजा के साथ 2023 में शादी हुई थी तब से उनकी आपसी विवाद को लेकर सौवां में पंचायत भी किया गया था। लोगों ने बताया कि लवकुश दिल्ली में फर्नीचर का काम करता था और वहां से आकर ससुराल में घटना का अंजाम दे दिया।
इस घटना के बाबत छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही लठेया पिकेट प्रभारी धर्मवीर कुमार यादव अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर में लाकर भर्ती कराया फिर यहां से बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।