एसपी बिमल कुमार की रणनीति से नक्सलियों को करारा झटका, गिरिडीह में हथियारों का जखीरा बरामद
गिरिडीह में एसपी बिमल कुमार के निर्देश पर बड़ी नक्सल विरोधी कार्रवाई, केंद्रीय बल के साथ मिली अहम सफलता

गिरिडीह : जिले में नक्सल उन्मूलन को लेकर पुलिस अधीक्षक बिमल कुमार की सक्रिय रणनीति और सख्त निगरानी का बड़ा असर देखने को मिला है। गुप्त सूचना के आधार पर एसपी बिमल कुमार के निर्देश पर जिला पुलिस और सीआरपीएफ 154 बटालियन की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। खुखरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पारसनाथ पहाड़ी के भालखी पहाड़, कनौडीह के समीप नक्सलियों द्वारा गड्ढों में छुपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान 303 बोर की 11 सिंगल शॉट राइफल, .22 राइफल की 9 यूनिट, 6 ग्रेनेड, एक एसएलआर ग्रेनेड प्रोजेक्टर, एक एम्युनिशन बॉक्स, 30 चार्जर क्लिप और दो बंडल इलेक्ट्रिक कॉपर वायर जब्त किए गए। इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) एवं सीआरपीएफ 154 बटालियन के वरीय अधिकारियों ने किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार एसपी बिमल कुमार के स्पष्ट दिशा-निर्देश, मजबूत खुफिया तंत्र और बलों के बेहतर समन्वय से यह कार्रवाई संभव हो सकी। प्रशासन ने संकेत दिया है कि नक्सल गतिविधियों पर निर्णायक प्रहार के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।