ताज़ा-ख़बर

गुरता गद्दी दिवस पर सोनारी गुरुद्वारा साहिब में सजा विशेष कीर्तन दरबार

रिपोर्ट: VBN News Desk31 मिनट पहलेझारखण्ड

गुरु ग्रंथ साहिब जी की सर्वोच्चता और गुरु परंपरा की महत्ता पर हुआ प्रकाश, बड़ी संख्या में संगत ने भरी हाजिरी

गुरता गद्दी दिवस पर सोनारी गुरुद्वारा साहिब में सजा विशेष कीर्तन दरबार

जमशेदपुर : गुरता गद्दी दिवस के अवसर पर बुधवार को सोनारी गुरुद्वारा साहिब में विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। धर्म प्रचार कमेटी अकाली दल, जमशेदपुर की ओर से गुरुद्वारा साहिब सोनारी कमिटी के सहयोग से आयोजित इस एक दिवसीय धार्मिक समागम में बड़ी संख्या में सिख संगत शामिल हुई। पूरे कार्यक्रम के दौरान गुरबाणी कीर्तन और गुरु इतिहास के प्रसंगों से गुरुद्वारा परिसर आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर रहा। समागम का शुभारंभ अरदास एवं हुकमनामा साहिब के साथ हुआ। इसके बाद भाई गुरप्रीत सिंह, भाई निर्मल सिंह और भाई गुरदीप सिंह ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। कथावाचक ज्ञानी अमृतपाल सिंह मन्नण ने सिख इतिहास के महत्वपूर्ण प्रसंगों का उल्लेख करते हुए गुरु परंपरा की महत्ता और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सर्वोच्च आध्यात्मिक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज ने वर्ष 1708 में महाराष्ट्र के नांदेड़ में ज्योति-जोत समाने से पूर्व श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को सिखों का शाश्वत गुरु घोषित किया था। उन्होंने कहा कि गुरता गद्दी दिवस सिख पंथ की आध्यात्मिक निरंतरता और गुरु परंपरा की अमरता का प्रतीक है। धर्म प्रचार कमेटी अकाली दल, जमशेदपुर के प्रधान भाई रविन्दर सिंह ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी का संदेश ‘सब सिखण को हुक्म है गुरु मानयो ग्रंथ’ शब्द, सत्य, समानता और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। समागम में संगत ने गुरुघर में हाजिरी भरकर गुरबाणी का श्रवण किया और अरदास में भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में भाई रविन्दर सिंह, जत्थेदार भाई जरनैल सिंह, भाई सुखदेव सिंह खालसा, भाई रविंदरपाल सिंह, भाई अमृतपाल सिंह, भाई प्रितपाल सिंह, भाई हरजीत सिंह, भाई गुरदेव सिंह, भाई जसबीर सिंह एवं भाई हरजिंदर सिंह का योगदान रहा।

इन्हें भी पढ़ें.