सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मियों के लिए मेडिकल बिल जमा करना हुआ आसान
CPRMSE/NE Portal 2.0 शुरू, घर बैठे ऑनलाइन बिल जमा करने के साथ स्थिति भी कर सकेंगे ट्रैक

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपने सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके आश्रितों के लिए चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। सीसीएल के सीएमडी निलेन्दु कुमार सिंह ने 10 सितंबर, 2026 को दरभंगा हाउस, रांची स्थित मंथन सभागार में CPRMSE/NE Portal 2.0 का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और सीवीओ पंकज कुमार मौजूद रहे। पोर्टल के शुभारंभ पर सीएमडी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इसे सीसीएल की अपनी टीम ने आंतरिक रूप से विकसित किया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को सुविधाजनक और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।
घर बैठे जमा होंगे दस्तावेज
CPRMSE/NE Portal 2.0 के माध्यम से अब सेवानिवृत्त कोल कर्मियों को चिकित्सा उपचार के बाद प्रतिपूर्ति के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने CPRMS में पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से कहीं से भी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। साथ ही, अपने मेडिकल दावे की स्थिति को भी ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे।
चिकित्सा दावों की प्रक्रिया में PRB, CMS/Medical और Finance जैसे विभिन्न विभागों की भूमिका होती है। पोर्टल इन विभागों के बीच दावों के इलेक्ट्रॉनिक संचालन को संभव बनाता है। इससे लाभार्थियों को अपने दावे की स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिलेगी और संबंधित विभागों के स्तर पर भी कार्यों की निगरानी तथा समय पर निपटारे में सुविधा होगी।
तकनीक से कर्मचारी कल्याण को जोड़ने की पहल
महाप्रबंधक, सीसी एंड पीआर आलोक कुमार ने कहा कि CPRMSE/NE Portal 2.0 सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके आश्रितों के लिए बेहतर, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जिन कर्मियों ने अपने सेवाकाल में संस्था की प्रगति में योगदान दिया है, उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद भी सुविधाजनक और सम्मानजनक सेवाएं उपलब्ध कराना सीसीएल की नैतिक जिम्मेदारी है।
पोर्टल को सीसीएल के सिस्टम विभाग ने इन-हाउस विकसित किया है। इसके विकास में PRB, CMS/Medical और Finance विभागों के साथ समन्वय किया गया। सीसीएल के अनुसार, यह पहल कागज आधारित प्रक्रिया से डिजिटल और अधिक सुगम सेवा व्यवस्था की ओर महत्वपूर्ण कदम है।