कुकड़ू क्षेत्र में जंगली हाथी की संदिग्ध मौत, बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल
तिरूलडीह-सापारूम के बीच मिला शव, ग्रामीणों में आक्रोश, जांच में जुटा वन विभाग

कुकड़ू : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल वन क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत तिरूलडीह और सापारूम गांव के बीच बुधवार सुबह एक जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव को देखा और इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर जुट गए। इस दौरान ग्रामीणों में आक्रोश के साथ-साथ गहरी चिंता भी देखी गई। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की स्थिति काफी लचर है और कई स्थानों पर तार नीचे लटके हुए हैं जिससे वन क्षेत्र में रहने वाले जीवों के लिए खतरा बना रहता है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यह घटना हाथियों के झुंड से भी जुड़ी हो सकती है जिससे आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता है। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।