प्रयागराज में टाटा पावर का नया स्किल सेंटर शुरू, युवाओं को मिलेगा ग्रीन एनर्जी प्रशिक्षण
आईसीआईसीआई फाउंडेशन के साथ साझेदारी, जनजातीय युवाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत

जमशेदपुर : प्रयागराज में टाटा पावर के स्किलिंग विंग टाटा पावर स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ने आईसीआईसीआई फाउंडेशन के सहयोग से एक नए प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया है। यह केंद्र स्थानीय युवाओं और महिलाओं को पावर, रिन्यूएबल एनर्जी और संबंधित क्षेत्रों में रोजगारपरक कौशल प्रदान करेगा। इस केंद्र का उद्घाटन आयुक्त सौम्या अग्रवाल (आईएएस) और टाटा पावर के वरिष्ठ अधिकारी हिमल तेवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उद्योग एवं प्रशिक्षण से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। नए केंद्र में सोलर पीवी इंस्टॉलेशन, मेंटेनेंस, इलेक्ट्रिकल सेफ्टी और ऊर्जा दक्षता जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे युवाओं को तेजी से रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। इसके साथ ही जनजातीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से जनजातीय युवाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण बैच भी शुरू किए गए हैं जिनका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने वर्चुअली किया। ये कार्यक्रम प्रयागराज के अलावा ओडिशा और झारखंड के विभिन्न केंद्रों पर भी संचालित होंगे। यह केंद्र प्रधानमंत्री पीएम सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना के तहत भी प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिससे प्रतिभागियों की रोजगार क्षमता बढ़ेगी। टाटा पावर का यह कदम देश में ग्रीन एनर्जी सेक्टर के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने और सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।