ताज़ा-ख़बर

पीएन बोस की 171वीं जयंती पर टाटा स्टील ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद

रिपोर्ट: MANISH 17 घंटे पहलेझारखण्ड

पीएन बोस की दूरदृष्टि ने जमशेदपुर और भारतीय उद्योग की नींव रखी : संदीप कुमार

पीएन बोस की 171वीं जयंती पर टाटा स्टील ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद

जमशेदपुर : टाटा स्टील की ओर से मंगलवार को पीएन बोस मेमोरियल परिसर में महान भूवैज्ञानिक, चिंतक और भारतीय औद्योगिक विकास के अग्रदूत पीएन बोस की 171वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में टाटा स्टील प्रबंधन, टाटा वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधियों, कर्मचारियों तथा शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर पीएन बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (रॉ मटेरियल्स) संदीप कुमार ने कहा कि पीएन बोस केवल एक भूवैज्ञानिक नहीं थे बल्कि वे आधुनिक भारत के औद्योगिक विकास के महान प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने कहा कि सिंहभूम क्षेत्र में लौह अयस्क की संभावनाओं को पहचानने और जमशेदपुर में इस्पात उद्योग की नींव रखने में पीएन बोस की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उनके विचार और दूरदृष्टि आज भी देश के औद्योगिक विकास को प्रेरित कर रहे हैं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि पीएन बोस का योगदान केवल उद्योग तक सीमित नहीं था बल्कि उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की सोच को वर्षों पहले ही मजबूत आधार दिया था। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील और जमशेदपुर शहर उनके सपनों और दूरदृष्टि का जीवंत उदाहरण हैं। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने पीएन बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान उनके जीवन, कार्यों और भारतीय उद्योग जगत में दिए गए योगदान को भी याद किया गया। टाटा स्टील प्रबंधन ने कहा कि पीएन बोस की विरासत आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण, नवाचार और औद्योगिक विकास की दिशा में प्रेरित करती रहेगी। कार्यक्रम में कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.