लिटिल एंजल्स पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, बच्चों ने शिक्षकों को भेंट किए उपहार
शिक्षक ही बच्चों के भविष्य और चरित्र के निर्माता होते हैं : प्राचार्य अजय कुमार

रिपोर्ट: अजय कुमार
बड़कागांव : प्रखंड अंतर्गत तलसवार पंचायत के कोयलंग करमाटांड़ स्थित अंग्रेजी माध्यम के लिटिल एंजल्स पब्लिक स्कूल में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वतंत्र भारत के महान दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर प्राचार्य अजय कुमार ने डॉ. राधाकृष्णन की जीवनी एवं उनके शिक्षक के रूप में योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य और चरित्र के निर्माता होते हैं। डॉ. राधाकृष्णन महान शिक्षक एवं दार्शनिक थे और उनके जीवन से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। सहायक शिक्षक ईश्वर कुमार महतो ने डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों पर चलने की बात कही। वहीं शिक्षक सुरेश मरांडी ने उनके जीवन एवं समाज के प्रति योगदान को याद किया। समारोह के दौरान विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच केक, बिस्किट और मिक्चर का वितरण किया गया। बच्चों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भी भेंट किए। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम में प्राचार्य अजय कुमार, सहायक शिक्षक ईश्वर कुमार महतो, सुरेश मरांडी, शिक्षिका रेखा कुमारी, रुबी जया, नेहा कुमारी, विपिन कुमार, गोपाल कुमार, सुमित कुमार, खुशी कुमारी, रानी कुमारी, सुमित्रा कुमारी, मानसी कुमारी, लक्ष्मी, रीतिका, आरुषी जया सहित विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।