संत शिरोमणि रविदास जी के संदेश को जन- जन तक पहुंचाया जाएगा : डॉ लवली गुप्ता
पांकी मंडल के शक्ति केंद्रों व बूथों तक पहुंचेगा कलश, घर-घर पहुंचाया जाएगा संत रविदास जी का समता व सामाजिक समरसता का संदेश

पांकी (पलामू) : संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर पलामू जिले में कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया गया। शिव शक्ति धाम मंदिर, सुदना, डालटनगंज में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश वंदन यात्रा को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मंडलों के लिए रवाना किया गया।
इसी क्रम में कलश वंदन यात्रा पांकी मंडल के राम जानकी मंदिर पहुंची। भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ. लवली गुप्ता सहित पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने श्रद्धापूर्वक कलश का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ. लवली गुप्ता ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन और उनके विचार समाज को समानता, सामाजिक समरसता और मानवता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि कलश को पांकी मंडल के प्रत्येक शक्ति केंद्र और प्रत्येक बूथ तक ले जाया जाएगा।
इसके माध्यम से घर-घर तक संत रविदास जी के विचारों और उनके संदेश को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में व्याप्त भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना को समाप्त कर समानता का संदेश दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समतामूलक व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। समाज में मौजूद आडंबर, अंधविश्वास और जात-पात की कुरीतियों को दूर कर सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। डॉ. लवली गुप्ता ने कहा- सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास के संकल्प को और मजबूत करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भी समाज के कई परिवार विकास की मुख्यधारा से दूर हैं। ऐसे घरों तक शिक्षा, जागरूकता और विकास की किरण पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। संत रविदास जी के विचारों को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर उन्हें व्यवहार और सामाजिक जीवन में उतारने की आवश्यकता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कलश वंदन यात्रा के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर जाकर सामाजिक समरसता, समानता तथा आपसी भाईचारे का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। कलश वंदन यात्रा के पांकी मंडल पहुंचने से कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विश्वजीत सिंह, महामंत्री श्याम नंदन ओझा, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र, भाजपा के वरिष्ठ नेता साधु मांझी यादव, समाजसेवी उपेंद्र गुप्ता, एकल अभियान के चल प्रमुख अजीत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में सामाजिक समरसता स्थापित करने पर जोर दिया गया।