ताज़ा-ख़बर

बालूमाथ में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से जंगली हाथी की मौत, वन विभाग ने शुरू की जांच

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेझारखण्ड

रविवार को हाथियों का झुंड दोबारा उसी इलाके में पहुंचा।

बालूमाथ में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से जंगली हाथी की मौत, वन विभाग ने शुरू की जांच

लातेहार। लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के कोमर गांव के कुसी टोला में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और बालूमाथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, कुसी टोला निवासी बिफा उरांव के घर के आसपास मक्का की फसल लगी हुई थी। करीब पांच दिन पहले हाथियों का झुंड गांव में पहुंचा था। इस दौरान हाथियों ने खेत में लगी मक्का की फसल को नुकसान पहुंचाने के साथ बिफा उरांव के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। हाथियों के दोबारा आने की आशंका को देखते हुए फसल और घर की सुरक्षा के लिए घर के आसपास बिजली का तार लगाए जाने की बात सामने आई है।

रविवार को हाथियों का झुंड दोबारा उसी इलाके में पहुंचा। इसी दौरान एक हाथी तार की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी।रेंजर नंदकुमार मेहता ने बताया कि हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल पर मेडिकल टीम को बुलाया गया है और हाथी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।वन विभाग की टीम यह भी जांच कर रही है कि तार में किस प्रकार करंट प्रवाहित किया गया था और हाथी उसकी चपेट में कैसे आया। मामले में वन्यजीव सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

इन्हें भी पढ़ें.