ताज़ा-ख़बर

मातृत्व अवकाश नहीं मिला, गर्भ में ही बच्चे की मौत; डीईओ पर घूस मांगने का आरोप, पलामू में शिक्षकों का उग्र प्रदर्शन

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

शिक्षिका के पति ने 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का लगाया आरोप, डीईओ ने आरोपों से किया इनकार; जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित

मातृत्व अवकाश नहीं मिला, गर्भ में ही बच्चे की मौत; डीईओ पर घूस मांगने का आरोप, पलामू में शिक्षकों का उग्र प्रदर्शन

मेदिनीनगर। पलामू जिले में मातृत्व अवकाश नहीं मिलने और कथित प्रशासनिक लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। गर्भवती शिक्षिका भारती पांडेय के गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि समय पर अवकाश नहीं मिलने और जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय के लगातार चक्कर लगाने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी, जिससे यह दुखद घटना हुई।

शिक्षिका के पति एवं झारखंड पुलिस के जवान मुकेश कुमार तिवारी ने आरोप लगाया है कि 13 जुलाई से अवकाश के लिए आवेदन देने के बावजूद डीईओ कार्यालय ने छुट्टी स्वीकृत नहीं की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अवकाश मंजूर करने के लिए 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी और राशि नहीं देने पर आवेदन लंबित रखा गया। शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बताया कि गर्भ में ही बच्चे की मौत हो चुकी है।

घटना के बाद जिले के प्राथमिक, मध्य एवं प्लस टू विद्यालयों के शिक्षकों में भारी आक्रोश है। रविवार को शिक्षकों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार की बर्खास्तगी और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर मेदिनीनगर शहर थाना का घेराव किया। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि सोमवार को काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे और मांगें पूरी नहीं होने पर राज्यव्यापी कार्य बहिष्कार करेंगे।

दूसरी ओर, जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि शिक्षिका के आवेदन में मातृत्व अवकाश का उल्लेख नहीं था, बल्कि चाइल्ड केयर लीव की मांग की गई थी। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद 25 जुलाई को 185 दिनों का अवकाश स्वीकृत कर दिया गया।

इधर, जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए सिविल सर्जन, नजारत उपसमाहर्ता और एक प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी की तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। वहीं, अजन्मे शिशु के शव का पोस्टमार्टम पांच सदस्यीय चिकित्सकीय टीम से कराया गया है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

इन्हें भी पढ़ें.