ताज़ा-ख़बर

आग लगने से दस बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों में मायूसी

रिपोर्ट: VBN News Desk1 दिन पहलेझारखण्ड

ग्रामीणों और विद्यालय के विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयास से बाकी बचे फसल को सुरक्षित बचा लिया गया।

आग लगने से दस बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों में मायूसी

रिपोर्ट गौतम प्रताप हरिहरगंज (पलामू) : हरिहरगंज प्रखंड अंतर्गत रक्सेल तेंदुआ गांव में बुधवार सुबह करीब 9 बजे गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तैयार खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में करीब 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी सबसे पहले राजकीय स्तरोन्नत उच्च विद्यालय रक्सेल तेंदुआ के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार गुप्ता को हुई। उन्होंने विद्यालय के छात्रों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया,लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद गांव के अन्य लोगों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। घटना की सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी पारितोष प्रत्यदर्शी को दी गई। उनके निर्देश पर हुसैनाबाद से दमकल वाहन को बुलाया गया, लेकिन आग पर काबू पा लिए जाने के कारण दमकल वाहन को रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हरिहरगंज में दमकल की स्थायी व्यवस्था होती, तो इतनी बड़ी क्षति से बचा जा सकता था।

ग्रामीणों और विद्यालय के विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयास से बाकी बचे फसल को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में गहरी मायूसी देखा गया। जिन किसानों की फसल जला उनमें राम उदार सिंह, बसंत सिंह, कृष्ण सिंह, रामनाथ सिंह, नंदू सिंह, शिवपूजन सिंह सहित अन्य किसान शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक और विद्यार्थियों की तत्परता और साहस की सराहना की।

इन्हें भी पढ़ें.