टेंडर कमीशन घोटाला: दो सेवानिवृत्त अभियंताओं ने किया आत्मसमर्पण, पीएमएलए अदालत ने दी सशर्त ज़मानत
उमेश कुमार और अजय तिर्की को पीएमएलए अदालत ने सशर्त जमानत दी, हर सुनवाई में उपस्थिति अनिवार्य

रांची। रांची के चर्चित टेंडर कमीशन घोटाला मामले में दो आरोपित अधिकारियों ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। सेवा निवृत्त अधीक्षण अभियंता उमेश कुमार और तत्कालीन अधिशाषी अभियंता (अब रिटायर्ड) अजय तिर्की ने पीएमएलए अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद अदालत ने उन्हें सशर्त जमानत दे दी।
अदालत ने स्पष्ट किया कि दोनों आरोपितों को हर सुनवाई की तारीख पर अदालत में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। जमानत पर सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से विशेष लोक अभियोजक शिव कुमार काका ने पक्ष रखा।
इस मामले में ईडी ने 14 आरोपितों के खिलाफ पूरक अभियोजन शिकायत (प्रॉसीक्यूशन कंप्लेंट) दाखिल की थी। अदालत ने संज्ञान लेते हुए सभी आरोपितों के खिलाफ समन जारी किया था। अब तक 8 से अधिक आरोपित अदालत में आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि टेंडर कमीशन घोटाले में ईडी ने पहली कार्रवाई वर्ष 2023 में की थी, जब कई अभियंताओं के ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। इसके बाद 6 मई 2024 को दूसरी बड़ी कार्रवाई हुई, जिसमें अभियंता, ठेकेदार और कांट्रैक्टर से जुड़े ठिकानों पर भी छापेमारी की गई थी।
मामले की जांच जारी है और आने वाले समय में इसमें और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।