ताज़ा-ख़बर

लोहरदगा पुलिस को बड़ी सफलता: शुभम साहू हत्याकांड, पेट्रोल पंप छिनतई प्रयास और ज्वेलर्स लूटकांड का 48 घंटे में खुलासा

रिपोर्ट: Roshan Sahdeo19 घंटे पहलेझारखण्ड

आरोपी ने मुखबिरी के शक में शुभम की कर दी हत्या

लोहरदगा पुलिस को बड़ी सफलता: शुभम साहू हत्याकांड, पेट्रोल पंप छिनतई प्रयास और ज्वेलर्स लूटकांड का 48 घंटे में खुलासा

एसआईटी ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद

लोहरदगा। जिले को झकझोर देने वाले शुभम साहू हत्याकांड, पतराटोली पेट्रोल पंप छिनतई प्रयास और अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में लूट के प्रयास मामले का लोहरदगा पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) की कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक जिंदा गोली तथा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। एसपी सादिक अनवर रिज़वी के अनुसार 30 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:35 बजे अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में दो अपराधियों द्वारा लूट का प्रयास किया गया था। इसके लगभग एक घंटे बाद पतराटोली स्थित पेट्रोल पंप पर छिनतई का प्रयास किया गया तथा समीप स्थित निधि कॉम्प्लेक्स में संचालित प्रिया स्टोर के संचालक शुभम कुमार साहू को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल शुभम को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान लाल रौशन नाथ शाहदेव (कुरसे, लोहरदगा) तथा हसमथ राजा (पतागांई, घाघरा, गुमला) के रूप में की।

तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी से मिली सफलता

पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल नंबरों के आधार पर सीडीआर, आईपीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं देर रात तक लोहरदगा थाना में कैंप कर एसआईटी को दिशा-निर्देश दिए। तकनीकी विश्लेषण से मिले सुराग के आधार पर 1 अगस्त की सुबह ओयना गांव स्थित एक बंद मकान में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और .315 बोर की एक जिंदा गोली बरामद की है। इसके अलावा एक रेडमी नोट-11 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

आरोपियों ने कबूला घटनाक्रम

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव ने पूछताछ में बताया कि वह पहले खत्री ज्वेलर्स गया था, जहां कथित विवाद के बाद उसने हथियार दिखाकर सोने की चेन लेने का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार ने उसका हथियार छीन लिया और उसे दुकान से बाहर निकाल दिया। इसके एक सप्ताह पूर्व भी उस दुकान में सोने का बाली खरीदने के दौरान 500 रुपए कम कराने को लेकर दोनों के बीच बहस हुआ था। इसके बाद दोनों आरोपी बड़की चांपी क्षेत्र में रखे देशी कट्टा और गोली लेकर पतराटोली पेट्रोल पंप पहुंचे तथा कैश लूटने का प्रयास किया। कर्मचारियों द्वारा शोर मचाने पर वे वहां से भाग निकले और बाद में प्रिया स्टोर संचालक शुभम कुमार को गोली मार दी। पूछताछ में आरोपी ने शुभम कुमार की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और मुखबिरी के संदेह का कारण बताया है। हालांकि पुलिस इस दावे की भी स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।

रांची में छापेमारी जारी

पुलिस के अनुसार घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए रांची में भी छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी तथा आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। उसके विरुद्ध नामकुम, लोहरदगा और सेन्हा थाना में कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसआईटी में शामिल अधिकारी

कार्रवाई में एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, एसडीपीओ किस्को दिवाकर कुमार, थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, अंचल निरीक्षक चन्द्रशेखर आजाद सहित लोहरदगा, किस्को और जिला तकनीकी शाखा के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

48 घंटे में खुलासा, पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना

जिले में लगातार हुई तीन बड़ी वारदातों के बाद आमजन में आक्रोश और भय का माहौल था। ऐसे में लोहरदगा पुलिस द्वारा 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।

इन्हें भी पढ़ें.