ताज़ा-ख़बर

बड़े भाई का हत्यारा गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद

रिपोर्ट: Prem Prakash2 दिन पहलेझारखण्ड

गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

बड़े भाई का हत्यारा गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद

मेदिनीनगर : पांकी थाना क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज घटना का पलामू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। इस मामले में बड़े भाई का हत्यारा मुख्य आरोपी सिन्दु भुईया (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई पांकी थाना कांड संख्या 45/2026, दिनांक 6 अप्रैल 2026, धारा 103(1) बीएनएस 2023 के तहत की गई।

मामले की शुरुआत तब हुई जब ठेकही गांव की निवासी रजंती देवी (33 वर्ष), पति स्वर्गीय पिंटू भुईया उर्फ पिंटू कुमार, ने थाना में फर्दबयान दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि सिन्दु भुईया ने मारपीट कर टांगी से हत्या कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (लेस्लीगंज) के मार्गदर्शन में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

गठित टीम द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया और अंततः 8 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी और आरोपी के घटना के समय पहने हुए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश रंजन, अनुसंधानकर्ता गणेश मुंडा, पुलिस अवर निरीक्षक रविंद्र राहुल साय, सहायक अवर निरीक्षक मुरारी दास सहित पांकी थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

इन्हें भी पढ़ें.