ताज़ा-ख़बर

बिष्टुपुर पोस्ट ऑफिस के पास ठेला पर सोए अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद

रिपोर्ट: VBN News Desk3 घंटे पहलेझारखण्ड

कचरा चुनकर गुजर-बसर करता था मृतक, पहचान के लिए पुलिस कर रही जांच

बिष्टुपुर पोस्ट ऑफिस के पास ठेला पर सोए अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद

जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित मुख्य डाकघर के पास शुक्रवार सुबह एक ठेला पर सोए अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में स्थानीय दुकानदार बबन यादव ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष के आसपास थी। वह पिछले लगभग दस वर्षों से इलाके में कचरा चुनकर अपना गुजारा करता था और अक्सर आसपास की दुकानों के बाहर रात में सो जाया करता था। बताया जाता है कि पास में लिट्टी बेचने वाले एक ठेले पर वह अक्सर रात बिताता था। यह ठेला करीब एक वर्ष से बंद पड़ा है और मृतक वहीं सोया करता था। शुक्रवार सुबह जब आसपास के लोगों ने उसे देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़ा था। पास जाकर देखने पर उसकी मौत होने की पुष्टि हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक संभवतः ओडिशा का रहने वाला था हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के लिए जांच जारी है।

इन्हें भी पढ़ें.