गम्हरिया में रेलवे ट्रैक के पास अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद
ट्रेन से कटकर मौत की आशंका, पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव झुरकुली और गोविंदपुर रेलवे फाटक के बीच ट्रैक किनारे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने सुबह करीब आठ बजे रेलवे पटरी के किनारे शव देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले को लेकर थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटकर मौत होने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए भी जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।