उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, परीक्षा के दौरान 2820 अभ्यर्थी उपस्थित हुए जबकि 8584 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे
केंद्राधीक्षकों और प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया।

गिरिडीह: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा रविवार को आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने एच.ई. हाई स्कूल, कार्मेल स्कूल, पचंबा हाई स्कूल, हनी होली विद्यालय सहित अन्य केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच की। केंद्राधीक्षकों और प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिले में कुल 11404 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2820 अभ्यर्थी उपस्थित हुए जबकि 8584 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन ने बताया कि पूरे परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर शांति और पारदर्शिता बनी रही। जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी रखी गई ताकि परीक्षा पूर्णतः कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।