टाउन हॉल में सरायकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स के सम्मान समारोह में साफ नजर आई व्यापारी वर्ग की बढ़ती राजनीतिक भूमिका
मनोज चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधियों के सम्मान के साथ विकास और व्यापारिक हितों को नई दिशा देने की जताई गई उम्मीद

सरायकेला : चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह का आयोजन बुधवार को सरायकेला टाउन हॉल में भव्य रूप से संपन्न हुआ। समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मुख्य आकर्षण के केंद्र रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सरायकेला नपं उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विजय आनंद मुनका, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल एवं सरायकेला चैंबर के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने किया। बच्चों द्वारा स्वागत वंदन और सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों ने समारोह को जीवंत बना दिया। इस अवसर पर मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि यह सम्मान मेरे लिए जिम्मेदारी को और बढ़ाने वाला है। व्यापारी वर्ग ने हमेशा समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाई है और अब नेतृत्व के माध्यम से समाज के विकास को नई दिशा दी जाएगी। वहीं प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि अब व्यापारी वर्ग की राजनीतिक भागीदारी बढ़ रही है जिससे क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की उम्मीद और मजबूत हुई है। समारोह में समाज और व्यापार जगत के बीच बेहतर समन्वय का संदेश दिया गया।