मनोज चौधरी की अध्यक्षता में शिक्षा सुधार की रूपरेखा तय, किचन गार्डन से लेकर स्मार्ट स्कूल तक की बनी रणनीति
मनोज चौधरी के सख्त निर्देश, स्कूलों में अनुशासन और गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता, हर बच्चे का नामांकन जरूरी

सरायकेला : नगर पंचायत कार्यालय में बुधवार को शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने की जिसमें उपाध्यक्ष अविनाश कवि, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपात, नगर प्रबंधक सुमित सुमन, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सनतोना जेना, एमडीएम प्रभारी राजाराम महतो सहित सभी वार्ड पार्षद एवं नगर क्षेत्र के 13 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यालयों को संसाधनयुक्त बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचकर नियमित पठन-पाठन सुनिश्चित करें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन विद्यालयों में नामांकन कम है उन्हें न्यूनतम 70 छात्रों का नामांकन सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया। विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। रंग-रोगन, पोशाक, खेल सामग्री, स्वागत कार्यक्रम और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए छात्रों को तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता के तहत सभी स्कूलों में साफ-सुथरे शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने और बच्चों से सफाई कार्य न कराने की सख्त हिदायत दी गई। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक बच्चा-एक पेड़ अभियान के तहत सभी विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने का निर्णय लिया गया। वहीं जिन विद्यालयों में भूमि अधिग्रहण से संबंधित समस्याएं सामने आई हैं उनके प्रधानाध्यापकों को संबंधित अधिकारियों को लिखित प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान अध्यक्ष मनोज चौधरी ने सभी वार्ड पार्षदों एवं विद्यालय प्रभारियों से समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सूचना दें ताकि समय पर समाधान किया जा सके। बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ इसे समाप्त किया गया। इस पहल को नगर क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।