छेंचा में मोहर्रम इंतजामिया कमेटी ने समाजसेवी अब्दुल मनान अंसारी को पगड़ी पहनाकर किया सम्मानित
मोहर्रम इंतजामिया कमेटी रहमतपुर-छेंचा द्वारा समाजसेवी सह पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी अब्दुल मनान अंसारी को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।

बरवाडीह(लातेहार): प्रखंड क्षेत्र के छेंचा गांव में मोहर्रम पर्व की तैयारियों एवं सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में मोहर्रम इंतजामिया कमेटी रहमतपुर-छेंचा द्वारा समाजसेवी सह पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी अब्दुल मनान अंसारी को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
उनके साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहयोगियों को भी पगड़ी पहनाकर सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कमेटी के पदाधिकारियों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने अब्दुल मनान अंसारी के सामाजिक योगदान, जनसेवा तथा क्षेत्र में भाईचारा और एकता कायम रखने के प्रयासों की सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि वे लंबे समय से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।इस अवसर पर अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन के सदर नईम खान, गुलजार खान, इमामुल खान, मुस्लिम खान, गुलाम गौस खान, मेंहदी हसन खान सहित अन्य लोगों ने उन्हें सम्मानित किया।वहीं समाजसेवी सोएब अंसारी, उप मुखिया सुल्तान अहमद, तौकिर खान, स्थानीय मुखिया पति मुन्ना सिंह समेत कमेटी के कई सदस्य और ग्रामीण भी मौजूद रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अब्दुल मनान अंसारी ने कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान, अनुशासन, सत्य और मानवता का संदेश देने वाला अवसर है। उन्होंने कहा कि हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी हमें अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करने तथा सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।उन्होंने लोगों से अपील की कि मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा ऐसे किसी भी कार्य से बचें जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया तथा शांतिपूर्ण वातावरण में मोहर्रम मनाने की अपील की।