प्राकृतिक रक्षक संस्था के पदाधिकारियों ने विशेष अपर सचिव से की मुलाकात, कोल्हान में 75 हजार पौधे लगाने की योजना पर हुई चर्चा
प्रस्ताव के अनुसार यह वृक्षारोपण सरायकेला-खरसावां एवं पूर्वी सिंहभूम जिले में किया जाएगा।

सरायकेला-खरसावां/जमशेदपुर : वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार के विशेष अपर सचिव राजदीप संजय जॉन से प्राकृतिक रक्षक संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। संस्था के मुख्य संरक्षक अर्जुन प्रसाद यादव, अध्यक्ष मृतुंजय कुमार, महासचिव हेमन्त वर्मा एवं उपाध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल ने कोल्हान क्षेत्र में वन विभाग की रिक्त भूमि पर 75,000 पेड़-पौधों का निःस्वार्थ वृक्षारोपण कर राज्य सरकार को समर्पित करने की योजना पर विचार-विमर्श किया। प्रस्ताव के अनुसार यह वृक्षारोपण सरायकेला-खरसावां एवं पूर्वी सिंहभूम जिले में किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह अभियान पूर्णतः जनसहयोग एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना से प्रेरित होगा। विशेष अपर सचिव राजदीप संजय जॉन ने संस्था के इस पर्यावरणीय पहल को सराहनीय कदम बताया और विभागीय स्तर पर हर संभव सहायता एवं प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। इस पहल से कोल्हान क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी, पर्यावरण संतुलन में सुधार होगा और स्थानीय समुदाय को जागरूकता एवं रोजगार का अवसर भी मिलेगा।