ताज़ा-ख़बर

एसडीएम, बीडीओ और एलआरडीसी के पद महीनों से रिक्त, राज्य सरकार स्थायी पदाधिकारियों की पदस्थापना को लेकर गंभीर नहीं

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेझारखण्ड

अशोक अग्रवाल ने कहा कि महत्वपूर्ण पद रिक्त रहने से जमीन विवादों का समाधान नहीं हो पा रहा है।

एसडीएम, बीडीओ और एलआरडीसी के पद महीनों से रिक्त, राज्य सरकार स्थायी पदाधिकारियों की पदस्थापना को लेकर गंभीर नहीं

गिरिडीह: झारखंड के डुमरी अनुमंडल में एसडीएम, बीडीओ और एलआरडीसी जैसे महत्वपूर्ण पद महीनों से रिक्त हैं। सभी पद प्रभार में चल रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार स्थायी पदाधिकारियों की पदस्थापना को लेकर कोई पहल नहीं कर रही है। उक्त बाते झारखंड पीपुल्स पार्टी के केंद्रीय सचिव अशोक अग्रवाल 'आजाद' ने शुक्रवार को प्रेस बयान जारी कर कहा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधि भी इस गंभीर विषय पर मौन साधे हुए हैं। नतीजतन आमजन परेशान हैं। लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए महीनों तक कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। इससे समय की बर्बादी के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी हो रहा है, क्योंकि क्षेत्र के अधिकांश लोग किसान, मजदूर एवं मध्यम वर्गीय परिवारों से आते हैं।

अशोक अग्रवाल ने कहा कि महत्वपूर्ण पद रिक्त रहने से जमीन विवादों का समाधान नहीं हो पा रहा है। कई उलझनें पैदा हो रही हैं और भू-माफिया जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक और सांसद के रूप में जनप्रतिनिधि अनुभवी तो हैं, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि वे प्रशासन के सामने नतमस्तक हैं। चंद दिन पूर्व ही 14 प्रशासनिक पदाधिकारियों का स्थानांतरण-पदस्थापन हुआ, फिर भी डुमरी में उक्त पद रिक्त ही रह गए। झापीपा नेता ने प्रदेश सरकार से जनहित में इन अधिकारियों की अविलंब पदस्थापना करने की मांग की है।

इन्हें भी पढ़ें.